- उमस भरी गर्मी के बीच अनियमित कटौती से लोगों में बढ़ा आक्रोश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस पर बिजली की अनिश्चित कटौती ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विशेषकर रात के समय बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंखे और कूलर बंद रहने से लोग रतजगा करने को मजबूर हैं, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी के विद्यालयों में शासी निकाय की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं पर जोर
बिजली आपूर्ति में भारी कमी, विभाग ने बताई मजबूरी
बिजली विभाग के अनुसार क्षेत्र के सात फीडरों को सुचारू रूप से चलाने के लिए करीब 12 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में मात्र 5 मेगावाट ही उपलब्ध हो पा रही है। इस भारी कमी के कारण विभाग को रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति करनी पड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह स्थिति ऊपर से पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण उत्पन्न हुई है। हालांकि, जनता का कहना है कि इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, क्योंकि लगातार कटौती से उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और गर्मी में हालात असहनीय बनते जा रहे हैं।


























