Share

Bank Holyday : अगस्त में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक, लगातार 3 दिन भी नहीं होगा कामकाज

  • 15 से 17 अगस्त तक देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित, ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे जरूरी काम
  • ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सेवाएं रहेंगी चालू, छुट्टियों से पहले कर लें जरूरी ट्रांजैक्शन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

अगस्त 2025 में बैंक ग्राहकों को बैंकिंग कामकाज के लिए योजना बनानी होगी, क्योंकि इस महीने कुल 14 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें 5 रविवार, 2 शनिवार (दूसरा और चौथा) और अलग-अलग राज्यों में 7 दिन स्थानीय त्योहारों और छुट्टियों की वजह से बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। खास बात यह है कि 15 से 17 अगस्त तक लगातार तीन दिन देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 16 अगस्त को जन्माष्टमी/कृष्ण जयंती और 17 अगस्त को रविवार होने के कारण बैंक नहीं खुलेंगे।

इसे भी पढ़ें : Potka : माझी बाबा ने उठाई पेसा कानून की मांग, गांव-गांव जागरूकता अभियान शुरू

बैंक बंद का लेन-देन पर पड़ सकता है असर, समय रहते निपटाएं जरूरी काम

इसके अलावा, असम में 23 से 25 अगस्त तक बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। ऐसे में जिन लोगों को अगस्त में बैंक से जुड़ा कोई काम करना है, उन्हें इन तारीखों को ध्यान में रखते हुए योजना बनानी चाहिए। हालांकि छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग, UPI और ATM सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी, जिससे डिजिटल ट्रांजैक्शन बिना रुकावट किए जा सकते हैं। ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य समय पर निपटा लें ताकि छुट्टियों के दौरान असुविधा न हो।

Potka : एमएमडीआर बिल के विरोध में पोटका में झामुमो की हुंकार, संजीव सरदार के नेतृत्व में हजारों लोग उतरे सड़क पर

पोटका, जमशेदपुर और डुमरिया में एक साथ प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ सौंपा गया ज्ञापन 34 पंचायतों से पहुंचे कार्यकर्ता,

  • पोटका, जमशेदपुर और डुमरिया में एक साथ प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ सौंपा गया ज्ञापन
  • 34 पंचायतों से पहुंचे कार्यकर्ता, संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

पोटका : पोटका विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक (एमएमडीआर) के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने व्यापक प्रदर्शन किया। पोटका, जमशेदपुर और डुमरिया प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित धरना-प्रदर्शन में हजारों महिला-पुरुष शामिल हुए। पोटका प्रखंड मुख्यालय में सबसे बड़ी भीड़ देखने को मिली, जहां करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विधेयक वापस लेने की मांग उठाई। बाद में बीडीओ और सीओ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : तेज आंधी-पानी से सागवान बागान को भारी नुकसान, 100 से अधिक पेड़ गिरे

तीन प्रखंडों में एक साथ प्रदर्शन, झामुमो ने दिखाई ताकत

धरना-सभा को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने केंद्र सरकार पर झारखंड के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है और इस पर पहला अधिकार यहां की जनता का होना चाहिए। विधायक ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज झारखंड की पहचान हैं तथा इनके संरक्षण और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने और राज्यहित के मुद्दों पर एकजुट रहने की अपील की।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : शॉर्ट सर्किट से फूस का घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति स्वाहा

खनिज संपदा पर झारखंड के अधिकार की उठी मांग

सभा के दौरान संजीव सरदार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां राज्य के हितों को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने अपने अधिकारों के लिए लंबे संघर्ष के बाद अलग राज्य हासिल किया है और अब खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर भी जनता को जागरूक रहना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति में खनिज संपदा से मिलने वाले संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस कारण राज्य के अधिकारों और हितों की रक्षा को लेकर जनता को संगठित रहना चाहिए।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन

राज्यहित के मुद्दों पर एकजुट रहने का आह्वान

विधायक ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मंइयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, पेंशन योजना तथा अन्य सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर विधेयक का असर राज्य की आर्थिक संरचना और विकास योजनाओं पर पड़ सकता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता के सहयोग से सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा और राज्य के हितों से जुड़ा कोई भी मुद्दा मजबूती से उठाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा ने बेलाजुड़ी पंचायत के गांवों में चलाया विधिक जागरूकता अभियान

जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रभाव को लेकर जताई चिंता

प्रदर्शन में पोटका विधानसभा क्षेत्र की 34 पंचायतों से कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक मोहन कर्मकार, राजू गिरि, सुनील महतो, बबलू चौधरी, चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, रजनी षांडगी, भुगलु टुडू, कार्तिक मुर्मू, बाघराय सोरेन, दुखु मार्डी, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, हितेश भगत, चक्रधर महतो, मो. जमाल, भूपति महतो, बनमाली महतो और बीरेन पात्र समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तीनों प्रखंडों में एक साथ हुए कार्यक्रम को झामुमो ने अपनी संगठनात्मक एकजुटता और जनभागीदारी का प्रतीक बताया।

Manoharpur : तेज आंधी-पानी से सागवान बागान को भारी नुकसान, 100 से अधिक पेड़ गिरे

मनोहरपुर के मेदासाई में अंधड़ से लाखों रुपये की क्षति, मुआवजे की मांग लाखों की क्षति के बाद प्रशासन से

  • मनोहरपुर के मेदासाई में अंधड़ से लाखों रुपये की क्षति, मुआवजे की मांग
  • लाखों की क्षति के बाद प्रशासन से राहत की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब एक बजे आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण मेदासाई स्थित सागवान बागान में 100 से अधिक सागवान के पेड़ जड़ से उखड़कर धराशायी हो गए। अचानक आए अंधड़ से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बागान मालिक दिलीप अग्रवाल ने बताया कि कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक पेड़ गिरने लगे, जिससे वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : शॉर्ट सर्किट से फूस का घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति स्वाहा

मेदासाई में तेज अंधड़ से सागवान बागान को भारी क्षति

दिलीप अग्रवाल ने बताया कि बागान में हुए नुकसान से उन्हें लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी नुकसान की सूचना मिली है। प्रभावित बागान में बड़ी संख्या में पेड़ गिर जाने से भविष्य की आय पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Baharagoda : शॉर्ट सर्किट से फूस का घर जलकर राख, हजारों की संपत्ति स्वाहा

बहरागोड़ा के पाथरघाटा गांव में देर रात लगी आग, परिवार पर टूटा संकट आगजनी में नगद राशि समेत गृहस्थी का

  • बहरागोड़ा के पाथरघाटा गांव में देर रात लगी आग, परिवार पर टूटा संकट
  • आगजनी में नगद राशि समेत गृहस्थी का सामान राख, सहायता की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात आग लगने से जमुना मुंडा का फूस का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के समय जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ घर में सो रहे थे। अचानक छप्पर में आग की लपटें उठती देख दोनों किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास समरसेबल पंप या तालाब जैसी सुविधा नहीं होने तथा आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन

पाथरघाटा गांव में देर रात आग से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचा परिवार

आग की इस घटना में घर में रखा धान, चावल, बर्तन, साइकिल, जरूरी दस्तावेज और 20 हजार रुपये नगद जलकर नष्ट हो गए। बताया गया कि यह राशि तमिलनाडु में मजदूरी कर रहे उनके बेटे ने शादी का कर्ज चुकाने के लिए भेजी थी। पीड़ित परिवार ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। जमुना मुंडा ने प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में सहारा मिल सके।

Manoharpur : खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन

केंद्र पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप का आरोप मनोहरपुर में एकदिवसीय धरना, राष्ट्रपति के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

  • केंद्र पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप का आरोप
  • मनोहरपुर में एकदिवसीय धरना, राष्ट्रपति के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
  • खान-खनिज विधेयक को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस आंदोलन में पार्टी के प्रखंड प्रभारी दीपक प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष रंजित यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना स्थल पर पहुंचने से पहले कार्यकर्ता प्रखंड परिसर में एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान विधेयक को वापस लेने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपा गया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा ने बेलाजुड़ी पंचायत के गांवों में चलाया विधिक जागरूकता अभियान

झामुमो कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

धरना सभा को संबोधित करते हुए दीपक प्रधान और रंजित यादव ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक राज्यों के संवैधानिक अधिकारों और संघीय व्यवस्था को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रही है। दीपक प्रधान ने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान हैं तथा इन पर यहां के लोगों का पहला अधिकार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य के संसाधनों और अधिकारों पर आंच आई तो झामुमो लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। नेताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं

जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर झामुमो का संघर्ष तेज

झामुमो नेताओं ने दावा किया कि प्रस्तावित विधेयक लागू होने से राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मंइयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना तथा 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर भी असर पड़ सकता है। नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार विधेयक वापस नहीं लेती है तो पार्टी भविष्य में सड़क और रेल चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन का रास्ता अपना सकती है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ झामुमो नेता किशोर कुमार खलखो ने किया। मौके पर लागुड़ा देवगाम, बामिया माझी, राजू सांडिल, पंकज महतो, अशोक बाँहदा, सरिता बाँहदा, दुबराज किंबो, रीना देवी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jamshedpur : डालसा ने बेलाजुड़ी पंचायत के गांवों में चलाया विधिक जागरूकता अभियान

डोर-टू-डोर कार्यक्रम के जरिए ग्रामीणों को कानून और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी बाल विवाह और नशा उन्मूलन समेत कानूनी

  • डोर-टू-डोर कार्यक्रम के जरिए ग्रामीणों को कानून और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
  • बाल विवाह और नशा उन्मूलन समेत कानूनी अधिकारों पर ग्रामीणों को किया जागरूक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय के निर्देशानुसार और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बेलाजुड़ी पंचायत के विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाया गया। डालसा की मोबाइल वैन के माध्यम से नारगा, बारदाडीह, बेलाजुड़ी समेत अन्य गांवों में जागरूकता शिविर एवं डोर-टू-डोर कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य रंजना पांडेय तथा पीएलवी संजय कुमार तिवारी, आशीष प्रजापति, माधवी और परशिष्ट मरांडी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं

बेलाजुड़ी के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची डालसा की मोबाइल वैन

अभियान के दौरान ग्रामीणों को डालसा के कार्य एवं उद्देश्यों के साथ बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, चाइल्ड प्रोटेक्शन, शिशु प्रोजेक्ट, डायन प्रथा और नशा उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इसके अलावा नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पेंशन योजना, प्राकृतिक आपदा और दुर्घटना बीमा समेत विभिन्न कानूनी एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। टीम ने ग्रामीणों से किसी भी कानूनी या अन्य समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लीगल एड क्लीनिक अथवा सिविल कोर्ट स्थित डालसा कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए डालसा के प्रति आभार जताया।

Seraikela : साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं

समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए

  • समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
  • आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : सरायकेला-खरसावां समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, अंचलों और नगर निकाय क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इसे भी पढ़ें : Kharagpur : खड़गपुर स्टेशन पर 60.55 लाख रुपये नकद बरामद, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

जनता दरबार में लोगों ने रखीं सड़क, सफाई और जमीन से जुड़ी समस्याएं

जनता दरबार में राजनगर प्रखंड के जुम्बनी पंचायत अंतर्गत धनुडीह के निचले टोला पोलांगल में ग्रामीण पथ की मरम्मत कराने की मांग रखी गई। वहीं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में कई दिनों से कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग नहीं होने की शिकायत भी मिली। आम लोगों की सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को दोबारा शुरू कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के मझधार पुल पर बने गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग भी सामने आई।

इसे भी पढ़ें : Potka : तीन दिन में फटने लगी पीसीसी सड़क, घटिया निर्माण का आरोप

सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और पुल की मरम्मत का निर्देश

चांडिल प्रखंड के डोबो क्षेत्र में सरकारी गैरमजरूआ भूमि को अवरोध से मुक्त कराने तथा आदित्यपुर नगर निगम के विभिन्न वार्डों में खराब सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके साथ ही श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग और भूमि संबंधी मामलों समेत अन्य विभागों से जुड़े आवेदन भी लोगों ने सौंपे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top