साइकिल वितरण से शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को दिए प्रेरक संदेश
विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत प्लस-2 उच्च विद्यालय, पुरुनियाँ में झारखंड सरकार की कक्षा-8 निःशुल्क साइकिल वितरण योजना ‘उन्नति का पहिया’ के तहत छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षकों की उपस्थिति रही। प्रखंड को कुल 992 साइकिल वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके तहत प्रथम चरण में 436 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडेया तथा बबलू गोडसोरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में सड़क पर उतरे दुलाल भुईयां, मानगो बस स्टैंड और भुईयांडीह में कराया बंद
पहले चरण में 436 विद्यार्थियों को मिला योजना का लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि झारखंड सरकार की ‘उन्नति का पहिया’ योजना ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों के छात्र-छात्राएं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर दूषित पानी का संकट, झामुमो ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
शिक्षा के माध्यम से भविष्य संवारने का आह्वान
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बच्चों से नशापान, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की। जिला परिषद सदस्य जमुना तियू ने कहा कि साइकिल वितरण से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय उरांव, कल्याण पदाधिकारी बबलू माझी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुभाष हाईबुरु, साइकिल वितरण सहायक नितेश कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
























