डीएलएसए के 90 दिवसीय अभियान के तहत लोगों को मिलेगी कानूनी सलाह और सहायता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत मंगलवार, 7 जुलाई को नोवामुंडी प्रखंड के बड़ाजामदा स्थित आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में नि:शुल्क विधिक जागरूकता एवं कानूनी सहायता पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने लोगों से शिविर में शामिल होने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नारायण प्राइवेट आईटीआई का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न, सफल प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र
पात्र लाभुकों को मिलेगी कानूनी सलाह, अधिकारों की भी दी जाएगी जानकारी
बैठक में बताया गया कि शिविर के दौरान पात्र व्यक्तियों को कानूनी परामर्श, सहायता और विभिन्न विधिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही लोगों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। आदर्श मध्य विद्यालय, बड़ाजामदा के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार श्रीवास्तव, नोवामुंडी की उप प्रमुख ज्योति दास तथा पैरा लीगल वॉलंटियर प्रमिला पात्रो सहित कई गणमान्य लोग बैठक में उपस्थित रहे। सभी ने नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने और कानून से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता समाज को सशक्त बनाने और लोगों को न्याय तक आसान पहुंच दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।


























