मैक्सिको में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मिलेगा मौका, खिलाड़ियों में उत्साह
इंक्लूजन कप में शानदार प्रदर्शन का मिला पुरस्कार
गोवा में उपविजेता बनने के बाद अब विश्व मंच पर चमकने का अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : झारखंड के पांच युवा फुटबॉलर 15 से 17 जुलाई तक नागपुर में आयोजित होने वाले इंडिया कैंप सह ट्रायल में भाग लेने के लिए चक्रधरपुर से रवाना हुए। इस प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैक्सिको के जोकालो स्क्वायर में आयोजित होमलेस वर्ल्ड कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। पश्चिमी सिंहभूम से चयनित खिलाड़ियों में सूरज बिरुली, ललित बैंकुरा, सचिन रमेश करवा, बनफूल तुबिड और मोनिका पुरती शामिल हैं। नागपुर रवाना होने से पहले चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर पूर्व फुटबॉलर एवं समाजसेवी विजय सिंह मेलगंडी, अधिवक्ता बिर सिंह बिरुली तथा युवा समाजसेवी मदन बोदरा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खिलाड़ियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi/Jamshedpur : 700 करोड़ का पानी उद्योगों को, किसान प्यासे! चांडिल नहर की बदहाली पर सरयू राय का सरकार पर हमला
राष्ट्रीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर विश्व कप टीम में जगह बनाने की चुनौती
उल्लेखनीय है कि इससे पहले गोवा में आयोजित इंक्लूजन कप-2026 में झारखंड की पुरुष एवं महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के ट्रायल के लिए चयन किया गया है। नागपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर और चयन प्रक्रिया में सफल रहने वाले खिलाड़ियों को होमलेस वर्ल्ड कप-2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन स्लम सॉकर द्वारा किया जा रहा है। वहीं खिलाड़ियों को एकता संस्था की ओर से आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि झारखंड के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।























