चाईबासा कांग्रेस भवन में जयंती समारोह आयोजित, नेताओं ने सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प
सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों पर दिया गया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव के संदेश तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Gua : एनजेसीएस बोनस समझौते पर गैर-एनजेसीएस संगठन का विरोध, प्रक्रिया और फॉर्मूले पर उठाए सवाल
कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को अपना सबसे प्रभावी हथियार बनाकर देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि गांधीजी का सत्याग्रह और सामाजिक सद्भाव का संदेश आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहा है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन, ईमानदार व्यक्तित्व और दृढ़ नेतृत्व से भारतीय राजनीति में उच्च नैतिक मूल्यों की मिसाल कायम की। सोनाराम सिंकु ने कहा कि शास्त्री जी का प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के सैनिकों और किसानों के महत्व को रेखांकित करता है तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सम्मान प्रदान करता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बुजुर्ग बोझ नहीं, अनुभव की पूंजी हैं – डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी
गांधी और शास्त्री के विचारों को बताया प्रेरणास्रोत
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने कहा कि वर्तमान समय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को आत्मसात करना समाज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारा, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना ही इन महान नेताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, विजय लक्ष्मी सिंकु, सुनिता सिंकु, बुलबुल बिरुली, रजनीश बिरुवा, अशोक बारिक, मोहन सिंह हेम्ब्रम, राजेन्द्र कच्छप, लियोनर्ड बोदरा, राधा मोहन बनर्जी, सुरसेन टोपनो, राकेश सिंह, विक्रमादित्य सुंडी, गुलजार अंसारी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























