1677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन, झारखंड से राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी से यात्रियों को राहत
नई रेल सेवा से झारखंड और राजस्थान के बीच आवागमन को मिलेगा बढ़ावा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : टाटानगर से जयपुर के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू होने से झारखंड सहित आसपास के राज्यों के यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। इस ट्रेन से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। सोमवार को रेल मंत्री और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ऑनलाइन हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इसी क्रम में सोमवार शाम करीब चार बजे दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत चांडिल जंक्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन का स्वागत किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, जिला मंत्री पप्पू वर्मा और चांडिल मंडल अध्यक्ष जगदीश महतो ने संयुक्त रूप से ट्रेन के चालक को फूलों की माला पहनाई और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर स्टेशन पर मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर भवन में दीपावली ट्रेड फेयर का भव्य उद्घाटन, महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
चांडिल जंक्शन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया नई ट्रेन का स्वागत
नई ट्रेन लगभग 1677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके मार्ग में टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इस रेल सेवा से यात्रियों को राजस्थान पहुंचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। खासकर धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। भाजपा नेता और डीआरयूसीसी सदस्य दिवाकर सिंह ने खाटू श्यामजी जाने वाले यात्रियों को पास उपलब्ध कराए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिरसानगर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 गिरफ्तार; 7.67 लाख रुपये बरामद
टाटानगर से जयपुर तक 1677 किलोमीटर का सफर करेगी नई ट्रेन
भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा ने कहा कि रेल मंत्रालय की ओर से चांडिल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड को बड़ी सौगात मिली है। नई ट्रेन के परिचालन से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में खाटू श्यामजी, सालासर बालाजी, जीण माता और सांवलिया सेठ जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं। इसके अलावा झुंझुनू सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचना भी यात्रियों के लिए आसान हो सकेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए केंद्र सरकार और सांसद के प्रति आभार जताया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो ने कहा कि टाटानगर से राजस्थान के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होना क्षेत्रवासियों के लिए खुशी की बात है। इससे श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करे सरकार, सरयू राय ने मुख्यमंत्री से की मांग
खाटू श्याम सहित राजस्थान के धार्मिक स्थलों तक पहुंचना होगा आसान
ट्रेन के स्वागत कार्यक्रम में चांडिल आरपीएफ प्रभारी हरिशंकर प्रसाद, स्टेशन प्रबंधक विष्णु तांती, सुनील कुमार महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश महतो, फुचु सिंह, समाजसेवी आशीष कुंडू, आकाश महतो, प्रभात पोद्दार और दिगंबर सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नई रेल सेवा का स्वागत किया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस ट्रेन से धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ झारखंड और राजस्थान के बीच आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।























