झारखंड की 32 टीमें लेंगी हिस्सा, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विधायक ने बढ़ाया उत्साह
बोले- मेहनत और अनुशासन से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाएं पहचान
बारीनगर फ्रेंड्स क्लब की पहल से स्थानीय फुटबॉल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टेल्को के बारीनगर में बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की ओर से आयोजित आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। इस टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। इस अवसर पर संजीव सरदार ने कहा कि बारीनगर में फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून देखकर खुशी होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को सही मंच, बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देने की। ऐसे टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुंदरनगर में अनियंत्रित ट्रक फल दुकान में घुसा, बड़ा हादसा टला
बारीनगर में आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज, 32 टीमें दिखाएंगी दमखम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में क्रिकेट की लोकप्रियता अधिक देखने को मिलती है, लेकिन बारीनगर में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खेलप्रेमियों का उत्साह सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने तथा अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल को केवल मनोरंजन या शौक तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि मेहनत और समर्पण के साथ इसे करियर के रूप में भी अपनाना चाहिए। गांव और मोहल्लों के मैदानों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड तथा देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिंहभूम चैंबर के दीपावली ट्रेड फेयर के पोस्टर का विमोचन, 26 से 28 अक्टूबर तक लगेगा मेला
खेल को करियर बनाएं युवा, मेहनत और अनुशासन पर विधायक का जोर
संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उचित पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने राज्य में खिलाड़ियों के लिए सीधी नियुक्ति की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। विधायक ने खिलाड़ियों से अपील की कि वे हार-जीत की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और निरंतर अभ्यास के जरिए अपने लक्ष्य को हासिल करें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा बढ़ा, 26 अक्टूबर तक तूफान में बदल सकता है सिस्टम
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं झारखंड के खिलाड़ी
विधायक ने बारिनगर फ्रेंड्स क्लब की सराहना करते हुए कहा कि 32 टीमों को एक मंच पर लाकर डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से उभरते खिलाड़ियों को अपनी क्षमता परखने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य गुलफाम, नासर इमाम, तबरेज, मुन्ना और असगर खान सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं और खेलप्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।























