पूर्व मुख्यमंत्री बोले- नारी शक्ति के सम्मान और कन्या पूजन की परंपरा से भारत फिर बनेगा विश्व गुरु
देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की
कन्या पूजन में शामिल होकर नारी शक्ति का किया सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : दुर्गोत्सव के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महानवमी के दिन सीतारामडेरा-भालूबासा स्थित शीतला मंदिर में मां गौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इन दिनों जमशेदपुर स्थित अपने गृह आवास पर रह रहे रघुवर दास नवरात्र के दौरान शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां भगवती की आराधना कर रहे हैं। इसी क्रम में वे एग्रिको स्थित अपने आवास से शीतला मंदिर पहुंचे, जहां पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। रघुवर दास ने मां गौरी के समक्ष शीश नवाया और आरती कर राज्य एवं देश की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसे भी पढ़ें : Potka : पूरे परिवार के साथ मां दुर्गा की शरण में पहुंचे विधायक संजीव सरदार, पोटका की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
महानवमी पर शीतला मंदिर पहुंचे रघुवर दास, मां गौरी से मांगा आशीर्वाद
पूजा-अर्चना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास कन्या पूजन में शामिल हुए। उन्होंने कन्याओं का पूजन कर भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान और शक्ति के स्वरूप में उसकी महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महानवमी पर कन्या पूजन का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति का स्वरूप मानकर उसकी पूजा की जाती है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और समाज को महिलाओं के प्रति सम्मान, श्रद्धा तथा समानता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जीवन और समाज के व्यवहार में भी अपनाना आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली के मारदू गांव में नाबालिग छात्रा की हत्या से सनसनी, पत्थर से हमला कर आठ वर्षीय बच्चा भी घायल
नारी सम्मान की परंपरा से भारत बनेगा विश्व गुरु
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान विश्वभर में विशिष्ट है। यहां नारी को देवी के रूप में पूजने की परंपरा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि समाज में नारी शक्ति के सम्मान और कन्या पूजन की परंपरा को और मजबूत किया जाए, तो भारत फिर से विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान, समाज में सकारात्मक सोच और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाना देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। महानवमी के अवसर पर उन्होंने मां गौरी से सभी के कल्याण और देश की निरंतर उन्नति की कामना की।






















