सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्र, अलग प्रवेश द्वार, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था की जांच
कमियां मिलने पर पूजा समितियों को तत्काल सुधार का निर्देश
मानगो नगर निगम का कंट्रोल रूम अलर्ट, शिकायतों के त्वरित समाधान का निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मानगो नगर निगम के नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। निरीक्षण के क्रम में नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की स्थिति का भी जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूजा के दौरान नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Potka : दुर्गा पूजा पर एनएच-220 में 18 से 21 अक्टूबर तक नो एंट्री, भारी वाहनों पर रहेगी रोक
मानगो में दुर्गा पूजा की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार, अग्निशामक यंत्र, दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा भीड़ नियंत्रण के इंतजामों की जांच की गई। इसके अलावा पंडालों में एग्जॉस्ट फैन, प्रवेश और निकास के संकेतक बोर्ड, पर्याप्त पार्किंग, कूड़ेदान तथा पेयजल की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया। कुछ पूजा पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी मिलने पर संबंधित पूजा समितियों से तत्काल सुधार करने की अपील की गई। नगर निगम की ओर से विभिन्न पंडालों में टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पीने के पानी की सुविधा मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Potka : हल्दीपोखर में 13 बकरियां चोरी, पशुपालक को 1.20 लाख रुपये का नुकसान
पूजा पंडालों में सीसीटीवी से लेकर अग्निशामक यंत्र तक की जांच, कमियां दूर करने का निर्देश
नगर निगम के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर नगर आयुक्त ने प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने और सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों और समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी विभिन्न पूजा पंडालों में लगाई गई है, उन्हें भी अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक निशांत कुमार, दिनेश्वर यादव, प्रदीप कुमार और सफाई पर्यवेक्षक मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने शहरवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।























