मिर्गीटांड गांव पहुंच झामुमो कार्यकर्ताओं ने परिजनों को सौंपी सहयोग राशि
ग्रामीणों ने विधायक की मानवीय पहल की सराहना की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : बाघुडिया पंचायत अंतर्गत मिर्गीटांड गांव निवासी अनाथ बेटी सुनीता किस्कू के नामकरण (छाटयार) कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन की ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। बताया गया कि सुनीता किस्कू के माता-पिता का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, जिसके कारण परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और उनका नामकरण संस्कार नहीं हो पाया था। इस संबंध में सुनीता के चाचा सुनील किस्कू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पंचायत कमिटी बाघुडिया के माध्यम से विधायक सोमेश चंद्र सोरेन से सहायता की मांग की थी। विधायक के निर्देश पर शुक्रवार को पंचायत सचिव देवी लाल टुडू, कोषाध्यक्ष साकिला मुर्मू, लक्ष्मण मार्डी और लखाई टुडू मिर्गीटांड गांव पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Potka : रंभा कॉलेज में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य को किया गया नमन
आर्थिक अभाव के बीच अनाथ बेटी के नामकरण में आगे आए विधायक
झामुमो प्रतिनिधियों ने सुनीता किस्कू की उपस्थिति में उनके चाचा सुनील किस्कू को नगद राशि देकर सहयोग किया। विधायक की इस पहल से परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामवासियों ने विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है। इस अवसर पर रामचंद्र किस्कू, संजीत मार्डी, लालू मार्डी, शंभू मार्डी, सहदेव मार्डी समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकजुटता और जरूरतमंदों की मदद के महत्व पर भी चर्चा की गई।


























