तीन दिन से अंधेरे में पंचायत, विधायक के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के राजस्टेट क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तूफान के कारण कई बड़े पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे पूरे पंचायत की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। लगातार तीन दिनों तक बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसमें पेयजल संकट, मोबाइल चार्जिंग और दैनिक कार्यों में बाधा शामिल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और जिला सह सचिव मो. जलील को जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, 6 राज्यों में घर-घर पहुंच रहे प्रगणक
जेसीबी से हटाए गए पेड़, आज बहाली का दावा
विधायक के निर्देश मिलते ही मो. जलील ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से गिरे हुए पेड़ों को हटवाना शुरू किया। इसके साथ ही बिजली विभाग के सहयोग से टूटे तारों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से जारी है। मो. जलील ने बताया कि मजदूर दिवस होने के कारण श्रमिकों की कमी से कार्य में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब काम युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आज हर हाल में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस दौरान शंकर कालिंदी, राजू कालिंदी, काशीनाथ नमाता, महादेव नामता और अरूप साव सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और कार्य में सहयोग किया।























