हुसैनी सुन्नी जामा मस्जिद में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त, भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
बाजारों में बढ़ी रौनक, बच्चों और युवाओं में दिखा उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड अंतर्गत फूलपाल गांव स्थित हुसैनी सुन्नी जामा मस्जिद में बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मस्जिद कमेटी और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा नमाज, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। जानकारी के अनुसार, बकरीद के अवसर पर शुक्रवार सुबह 7:30 बजे ईद की विशेष नमाज अदा की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम का संचालन मस्जिद के सेक्रेटरी शेख अखरुद्दीन के नेतृत्व में किया जाएगा। मस्जिद कमेटी ने सभी लोगों से समय पर पहुंचने तथा शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की है। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देंगे और धार्मिक परंपरा के अनुसार कुर्बानी की रस्म भी अदा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मेडिएशन सेंटर में वर्षों पुराना विवाद सुलझा, अलग रह रहा दंपति फिर हुआ एक
बकरीद को लेकर मस्जिद कमेटी ने की विशेष तैयारियां
बकरीद को लेकर फूलपाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है, जबकि बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। लोग नए कपड़े, सेवइयां और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से भी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बकरीद त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर मनाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि फूलपाल गांव में हर वर्ष की तरह इस बार भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
























