मऊभंडार में झामुमो की जिला स्तरीय बैठक, यात्रा को ऐतिहासिक बनाने पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा पद्मभूषण सम्मानित दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर 4 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘उनुयहार (स्मृति) जोहार यात्रा’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को मऊभंडार स्थित हिंदुस्तान कॉपर डायरेक्टर बंगला गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष Victor Soren ने की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर दास, प्रणव महतो, जिला सचिव रतन महतो तथा जिला महासचिव मो. जलील सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुसाबनी, घाटशिला, धालभूमगढ़ और गुड़ाबांदा प्रखंडों के अध्यक्षों ने भाग लेते हुए यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम के यात्रा मार्ग, समय-निर्धारण, स्वागत स्थल तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : श्रावण की सोमवारी को लेकर हरिणा मुक्तेश्वर धाम में तैयारियां तेज, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण
प्रखंड अध्यक्षों को सौंपी गई जिम्मेदारियां, अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश
बैठक में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने सभी प्रखंड अध्यक्षों को यात्रा के सफल संचालन के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिल सके। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन के योगदान को याद करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यात्रा को अनुशासित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप देना आवश्यक है। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के समन्वय और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर घाटशिला प्रखंड कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, सचिव खुदीराम हांसदा, पूर्व जिला परिषद सदस्या बेलाबती मुर्मू समेत जिला और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।























