घाटशिला में झामुमो कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण, योगदान को किया याद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला के पांवड़ा निवासी, पूर्व प्रमुख एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय शिव पदो शर्मा की 45वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रभक्त और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. शिव पदो शर्मा का जीवन देशभक्ति, संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक था। उनके त्याग और बलिदान ने क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए तथा उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में विशेष ग्राम सभा का आयोजन, महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का दिया गया संदेश
स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता जगदीश भकत ने कहा कि स्व. शिव पदो शर्मा ने देश की आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्हें हजारीबाग और पुरुलिया जेल में लगभग दो वर्षों तक कारावास की सजा भी भुगतनी पड़ी थी। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाकर लोगों में अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और क्रांति की भावना जगाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि घाटशिला की धरती पर ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी का जन्म होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता जगदीश भकत, प्रखंड सचिव खुदीराम हांसदा, सौरभ चक्रवर्ती, सोमेन मिश्रा, नगर अध्यक्ष विकास मजूमदार, राजा सिंह, अंकुर कावरी, कौशिक कुमार, सौरभ बोस, आनंद गोयल, सुरेश महाली, मदन दलाई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















