ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला छात्र, देर शाम तक नहीं चला कोई सुराग
बारिश के मौसम में नदी किनारे जाने से बचने की प्रशासन की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना क्षेत्र में रविवार को 13 वर्षीय छात्र के लापता होने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लापता छात्र गुवा स्थित डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा का विद्यार्थी है और फैब्रिकेशन निवासी साकेत पान का पुत्र बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र रविवार दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह गुवा के भट्टीसाई क्षेत्र में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया और परिजन बदहवास होकर उसकी खोजबीन में जुट गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में तीसरे सोमवार को होगा भव्य जलाभिषेक, हजारों शिवभक्त करेंगे भोलेनाथ का अभिषेक
दोस्तों के साथ खेलते हुए नदी की ओर गया छात्र, फिर हुआ लापता
दोस्तों के अनुसार खेलते समय छात्र ने उन्हें नदी की ओर चलने के लिए कहा था, लेकिन दोनों ने जाने से मना कर दिया। इसके बावजूद वह अकेले कारों नदी की ओर चला गया। नदी किनारे पहुंचने के बाद उसने अपनी पैंट और चप्पल उतार दी। दोनों दोस्तों ने उसे वापस आने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। कुछ समय बाद दोनों दोस्त वहां से लौटने लगे। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो छात्र वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद दोनों घबराकर बस्ती पहुंचे और करीब चार बजे स्थानीय लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और छात्र की तलाश शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें : Potka : सोमवारी को न्याय दो के नारों के साथ ग्रामीणों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
प्रशासन और ग्रामीणों ने चलाया तलाश अभियान, सोमवार को फिर होगी खोजबीन
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से कारों नदी में काफी देर तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार हो रही बारिश के कारण कारों नदी उफान पर है, जिससे तलाश अभियान में कठिनाई आ रही है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नदी में व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन छात्र का पता नहीं चल पाया है। सोमवार सुबह पुनः सर्च अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से बारिश के दौरान नदी में नहाने तथा मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की अपील की है। घटना के बाद छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

























