गुवा सेल और टाटा स्टील ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
सीएसआर पहल के तहत बस और विंगर उपलब्ध, चाईबासा परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाए गए छात्र-छात्राएं
सीएसआर पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिला बड़ा सहारा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : कक्षा आठवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुवा सेल प्रबंधन एवं टाटा स्टील नोवामुंडी ने सीएसआर के तहत विशेष परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई। गुवा सेल प्रबंधन द्वारा दो बसें तथा टाटा स्टील नोवामुंडी की ओर से एक बस एवं एक विंगर उपलब्ध कराया गया। इन वाहनों के माध्यम से मिडिल स्कूल गुवा, राजकीय मध्य विद्यालय गुवासाई तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय नुईया के कुल 226 छात्र-छात्राओं को चाईबासा स्थित परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया। तीनों विद्यालयों का परीक्षा केंद्र चाईबासा निर्धारित होने के कारण विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर चिंता बनी हुई थी, जिसे इस पहल ने काफी हद तक दूर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : मूसलाधार बारिश से उफान पर आई कारो नदी, बोकना मार्ग बंद होने से जनजीवन प्रभावित
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया प्रयास

इस महत्वपूर्ण पहल को साकार करने में पूर्व सांसद गीता कोड़ा, नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी तथा झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों से गुवा सेल प्रबंधन और टाटा स्टील प्रबंधन ने विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई। इसके अलावा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, बाल अधिकार मंच की पदमा केसरी तथा एस्पायर संस्था के कृष्णा गोप ने भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। सभी के संयुक्त प्रयास से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ पर सेवा शिविर लगाएगा ओम कांवरिया सेवा संघ
सुबह छह बजे रवाना हुए विद्यार्थी, अभिभावकों ने जताया आभार
मंगलवार सुबह लगभग छह बजे तीनों विद्यालयों के 226 छात्र-छात्राएं बसों एवं विंगर में सवार होकर चाईबासा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। अभिभावकों और शिक्षकों ने गुवा सेल प्रबंधन, टाटा स्टील नोवामुंडी तथा सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर परिवहन सुविधा मिलने से विद्यार्थी सुरक्षित, समय पर और पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा केंद्र पहुंच सके, जिससे उनकी परीक्षा तैयारी और प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।























