सूखा पेड़ बिजली तार और खंभे पर गिरा, हिलटॉप क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हुई बाधित
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा विभाग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : किरीबुरू के हिलटॉप क्षेत्र में सोमवार शाम आई तेज आंधी के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवा के दौरान एक सूखा और जर्जर पेड़ टूटकर बिजली के खंभे एवं तार पर गिर पड़ा, जिसके बाद वह सीधे ओडिया हाई स्कूल परिसर में जा गिरा। इस घटना में स्कूल के कंप्यूटर रूम को नुकसान पहुंचा है, जबकि हिलटॉप आवासीय क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पेड़ गिरने से स्कूल मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ जड़ से टूट गया और बिजली तारों को अपने साथ खींचते हुए स्कूल परिसर तक पहुंच गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, वार्डों में लगे नए एसी
तेज आंधी और जर्जर पेड़ों से बढ़ रहा खतरा
हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा गिरे हुए पेड़ को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल और आवासीय क्षेत्रों के आसपास मौजूद सूखे एवं कमजोर पेड़ों की जल्द पहचान कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव हो सके। लोगों ने कहा कि बरसात और आंधी के मौसम में जर्जर पेड़ कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।



























