500 स्थानीय युवाओं को रोजगार समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनकारियों का प्रदर्शन जारी
तीन दिनों से खदान का उत्पादन और परिवहन प्रभावित
प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच कई दौर की वार्ता
रोजगार और स्थानीय हितों को लेकर गुवा में बढ़ा तनाव
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल खदान क्षेत्र में 12 गांव के मुंडा मानकी संघ एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के कारण खदान में उत्पादन और परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। आंदोलनकारी 500 स्थानीय युवाओं को रोजगार देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लगातार धरने पर डटे हुए हैं। स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आंदोलन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई है ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटानगर यार्ड से रिहायशी इलाके तक पहुंचा तेंदुआ, जमशेदपुर में दहशत
गुवा सेल खदान में आंदोलन से प्रभावित हुआ उत्पादन कार्य
आंदोलन समाप्त कराने को लेकर नोवामुंड़ी अंचलाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक, एसडीपीओ किरीबुरू अजय केरकेट्टा और जगन्नाथपुर एसडीपीओ महेंद्र छोटन उरांव के साथ आंदोलनकारियों की कई दौर की वार्ता हुई। हालांकि देर शाम तक चली बातचीत के बावजूद कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे, जबकि प्रशासन और सेल प्रबंधन की ओर से समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं। खबर लिखे जाने तक वार्ता का दौर जारी था और किसी अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की गई थी।


























