बाबा बिसेश्वर शिव मंदिर में एक दिवसीय महायज्ञ, ग्रामीणों ने उपवास रखकर की भोलेनाथ की आराधना
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : खंडामौदा पंचायत अंतर्गत मालुआ गांव में गुरुवार को आयोजित एक दिवसीय महायज्ञ श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत उदाहरण बन गया। बाबा बिसेश्वर शिव मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया। कार्यक्रम की सबसे आकर्षक झलक तब देखने को मिली, जब 108 महिलाएं रांगड़ो खाल से पवित्र जल लेकर लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचीं। गाजे-बाजे, शंखध्वनि और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष +से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया। ग्रामीणों ने कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल खदान में तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन चक्का जाम जारी, वार्ता बेनतीजा
ग्रामीणों ने उपवास रखकर निभाई आस्था की परंपरा

महायज्ञ के दौरान मुख्य पुजारी शंकर प्रसाद कर एवं अंतर्ज्यामी उपाध्याय के निर्देशन में सूर्य पूजा, गो-पूजा और संस्कार हवन सहित कई वैदिक अनुष्ठान संपन्न हुए। आयोजन को लेकर मालुआ समेत आसपास के गांवों में गहरी आस्था देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने महापूजा के सम्मान में दोपहर तक अपने घरों में चूल्हा नहीं जलाया और उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना की। यज्ञ समाप्ति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पापु दास, मानिक दास, पंचानन बारिक, असीम मैति और अभिजीत दास सहित गांव के सभी लोगों की सक्रिय भूमिका रही।




























