बढ़ती गंदगी पर दुकानदारों और नागरिकों ने जताई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में बढ़ती गंदगी और कचरे की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय दुकानदारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार की साफ-सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाने के लिए एक सफाई समिति गठित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। जानकारी के अनुसार, इससे पहले शनिवार को बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने पूर्व मुखिया राजा तिर्की तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अशोक दास को थाना बुलाकर स्वच्छता अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की थी। इसी कड़ी में रविवार को आयोजित बैठक में पूर्व उपमुखिया गोवर्धन चौरसिया समेत बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। बैठक में बाजार की वर्तमान स्थिति, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा सभी ने सामूहिक प्रयास से बाजार को स्वच्छ बनाए रखने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे युवक की मौत, किरीबुरू के मुर्गापाड़ा में शोक की लहर
जनसहभागिता से चलेगा स्वच्छता अभियान, पुलिस प्रशासन देगा सहयोग
बैठक के दौरान थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव, राजा तिर्की, अशोक दास और गोवर्धन चौरसिया ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न स्थानों पर फैली गंदगी और कचरे का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बाजार की नियमित सफाई की जिम्मेदारी नवगठित समिति को सौंपी जाएगी। समिति के संचालन और सफाई कार्यों के लिए आवश्यक राशि बाजार के दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एकत्र की जाएगी। थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बड़ाजामदा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बाजार बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से ही स्वच्छता अभियान को स्थायी सफलता मिल सकती है तथा बाजार क्षेत्र को एक आदर्श और आकर्षक स्वरूप दिया जा सकता है।























