मेघाहातुबुरू में संयुक्त बैठक, विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने लिया भाग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के सफल आयोजन को लेकर मेघाहातुबुरू स्थित सामुदायिक भवन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और पंचायत जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इलियस चाम्पिया ने की। इस दौरान आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से एक संचालन समिति का गठन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और अधिकारों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए इस वर्ष कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : SIR-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 22 जुलाई की BLO-BLA-2 बैठक में सक्रिय भागीदारी की अपील
संचालन समिति में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन
बैठक में सर्वसम्मति से रोया राम चाम्पिया को संचालन समिति का अध्यक्ष, एस. होरो को कार्यकारी अध्यक्ष, रमेश मुर्मू को महासचिव तथा लखन चाम्पिया को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं शुभनाथ हेंब्रम, इलियस चाम्पिया एवं श्रीमती सुमन मुंडु को उपाध्यक्ष, गोपी लागुरी को सचिव, बीर सिंह मुंडा को संयुक्त सचिव, माधव चन्द्र कोड़ा एवं श्रीमती सानी हेस्सा को संगठन सचिव, सेरगेया अंगारिया को कार्यालय सचिव तथा श्याम चन्द्र टुडू एवं बीरबल गुड़िया को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा चारों पंचायतों के मुखियाओं—मंगल सिंह गिलुवा, पार्वती किड़ो, लिपि मुंडा और प्रफ्फुलित ग्लोरिया टोपनो—को संरक्षक बनाया गया। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर किरीबुरू में सीटू का सांकेतिक प्रदर्शन
26 जुलाई को होगी अगली बैठक, तय होगी आयोजन की रूपरेखा
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संचालन समिति की अगली बैठक 26 जुलाई 2026 (रविवार) को शाम 4 बजे किरीबुरू सामुदायिक भवन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विश्व आदिवासी दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनसहभागिता और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में आदिवासी कल्याण केन्द्र किरीबुरू, मेघाहातुबुरू एवं प्रोस्पेक्टिंग, आदिवासी सरना समिति, संथाल एम्प्लाई एसोसिएशन, उरांव-खड़िया समाज, कर्मचारी कल्याण समिति तथा आदिवासी हो समाज युवा महासभा सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
























