स्वतंत्रता दिवस पर अमरप्रीत सिंह काले ने विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण, राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद कर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान
नशामुक्ति और शिक्षा को बताया विकसित भारत का आधार
विभिन्न सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजसेवी सह भाजपा नेता एवं नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भाग लेकर राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने भारत माता के अमर वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राष्ट्रसेवा, सामाजिक एकता और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने साकची स्थित नमन कार्यालय, बिरसानगर के साई सरस्वती इंग्लिश विद्यालय, बारीडीह पार्क स्थित सीनियर सिटीजन ग्रुप, बागबेड़ा के लाल बिल्डिंग चौक में स्वर्ण महासंघ फाउंडेशन, टुइलाडूंगरी स्थित गुरुद्वारा कलगिधर साहिब प्रबंधक कमेटी, भालूबासा के श्री श्री विजय बजरंग मंदिर जंबू अखाड़ा समिति सहित कई स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गालुडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस को बताया बलिदान और प्रेरणा का पर्व
अपने संबोधन में अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनकी बदौलत देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अवसर हमें उनके बलिदान से प्राप्त हुआ है। इसलिए देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें केवल अधिकार ही नहीं देती, बल्कि अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा भी प्रदान करती है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि, उनके सपनों का झारखंड बनाने का लिया संकल्प
युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और संस्कार अपनाने की अपील
अमरप्रीत सिंह काले ने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा, शिक्षित समाज और जागरूक नागरिक ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा, कौशल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को सही दिशा देती है, जबकि संस्कार समाज को मजबूत बनाते हैं। बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा, राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि देश भी प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कागलनगर बाजार एवं बस्ती की बिजली समस्या का जल्द होगा समाधान – सुबोध श्रीवास्तव
सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस आत्मनिर्भर, सशक्त और समरस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। सामाजिक सद्भाव, सेवा, शिक्षा, नशामुक्ति और राष्ट्रहित के संकल्पों को जन-आंदोलन का रूप देकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर नमन कार्यालय में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति, युवा एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।