जादूगोड़ा थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस और होमगार्ड जवानों ने लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की
जादूगोड़ा में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : ईद उल जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जादूगोड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा के निर्देश पर जादूगोड़ा पुलिस एवं झारखंड होमगार्ड के जवानों ने मंगलवार को फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च यूसिल मस्जिद से शुरू होकर जादूगोड़ा मोड़ चौक तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए बकरीद मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता दिखाई गई।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने किया घाटशिला स्टेशन का निरीक्षण, अमृत स्टेशन योजना की प्रगति की समीक्षा
पर्व-त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी
फ्लैग मार्च में पुलिस अधिकारी सुमन सिंह, दिनेश सिंह सहित झारखंड होमगार्ड के गुरुचरण मुंडा, दीपक सिंह, मनसा राम हेंब्रम, दिनेश टुडू और दशमत टुडू समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। इस मौके पर पुलिस अधिकारी सुमन सिंह ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।


























