खेमका पेट्रोल पंप पर हजारों लीटर पेट्रोल पहुंचते ही मची अफरा-तफरी, अन्य पंपों में नो-स्टॉक
कई पेट्रोल पंपों में पसरा सन्नाटा, खुखड़ाडीह पंप पर लगी रही वाहनों की लंबी लाइन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा और नरवा पहाड़ क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल संकट लगातार गहराता जा रहा है। वैश्विक संकट के असर के बीच क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों में तेल की भारी किल्लत देखी जा रही है। जादूगोड़ा के पांच पेट्रोल पंपों में से केवल जादूगोड़ा मोड़ चौक स्थित खेमका पेट्रोल पंप में ही पेट्रोल उपलब्ध हो पाया। गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे हजारों लीटर पेट्रोल पहुंचते ही वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं क्षेत्र के अन्य चार पेट्रोल पंपों में ‘नो स्टॉक’ का नोटिस चिपका दिया गया, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई वाहन चालक पेट्रोल की तलाश में एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल माइंस आंदोलन समाप्त, मधु कोड़ा की पहल पर बनी सहमति
नरवा पहाड़ और सुंदरनगर क्षेत्र में भी दिखा पेट्रोल संकट का असर
पेट्रोल संकट का सबसे अधिक असर नरवा पहाड़ क्षेत्र में देखने को मिला। यहां स्थित राजदोहा गांव के मुख्य सड़क किनारे शिव चरण मुर्मू पेट्रोल पंप में सुबह से ही पेट्रोल खत्म हो गया था। वहीं हितकु स्थित बुलू रानी सिंह पेट्रोल पंप में भी तेल के अभाव में सन्नाटा पसरा रहा। दूसरी ओर सुंदरनगर थाना क्षेत्र के खुखड़ाडीह पेट्रोल पंप में सुबह से शाम तक पेट्रोल लेने वालों की लंबी लाइन लगी रही। यहां फुल टंकी पेट्रोल मिलने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की। फिलहाल खेमका पेट्रोल पंप में पर्याप्त मात्रा में तेल पहुंचने से लोगों की परेशानी थोड़ी कम हुई है, लेकिन क्षेत्र में पेट्रोल संकट कब तक जारी रहेगा, इसे लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। आम लोग अब भी पेट्रोल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।




























