जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता, बेहतर पुलिसिंग और व्यापारिक सुरक्षा के लिए उठाए ठोस कदमों की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के कोल्हान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजय आनंद मुनका ने जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड की पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा को एक विस्तृत सुझाव-पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों के दौरान शहर में लूट, छिनतई, गोलीबारी, चाकूबाजी, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक समुदाय में भी भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि अपराध की बढ़ती घटनाओं का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों, निवेश के माहौल और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर पड़ रहा है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनविश्वासपूर्ण बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर बड़ा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, घंटों बाधित रहा यातायात
अनुभवी अधिकारियों की तैनाती और टाइगर मोबाइल गश्त बढ़ाने की मांग
विजय आनंद मुनका ने अपने सुझाव-पत्र में कई व्यावहारिक उपायों का उल्लेख किया है। उन्होंने मांग की है कि जमशेदपुर में ऐसे अनुभवी पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना की जाए, जिन्होंने पूर्व में शहर में कार्य किया हो और जिन्हें यहां की भौगोलिक, सामाजिक, राजनीतिक तथा आपराधिक परिस्थितियों की गहरी समझ हो। इसके साथ ही उन्होंने टाइगर मोबाइल पुलिस की नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों में उनकी स्थायी तैनाती फिर से शुरू करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन पुलिस गश्त की संख्या और प्रभावशीलता बढ़ाना भी बेहद जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम लोगों को सुरक्षा का एहसास हो।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर गंभीर घायल
पुलिस-पब्लिक समन्वय मजबूत कर बढ़ाया जाए जनविश्वास
एफजेसीसीआई उपाध्यक्ष ने पुलिस-पब्लिक समन्वय समिति के पुनर्गठन पर भी जोर दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि समिति में प्रतिष्ठित व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों को शामिल किया जाए, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच संवाद, सहयोग और विश्वास को मजबूत किया जा सके। विजय आनंद मुनका ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय जनहित, व्यापार हित और राज्यहित को प्राथमिकता देते हुए इन सुझावों पर सकारात्मक विचार करेंगे तथा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों व व्यापारियों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि एडीजी मुख्यालय, जोनल आईजी, डीआईजी कोल्हान तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को भी प्रेषित की गई है।























