90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत पीएलवी ने राहत सामग्री बांटकर दिया स्वास्थ्य और सेवा का संदेश
जागरूकता और जनसेवा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने की पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में नालसा एवं झालसा के निर्देश पर चलाए जा रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अधिकार मित्र (पीएलवी) ने भीषण गर्मी के बीच मानवता का परिचय दिया। न्याय रथ के माध्यम से साकची शीतला मंदिर, जुबली पार्क गेट, सीएच एरिया, साईं मंदिर, सोनारी दारोगा बस्ती, दोमुहानी, मरीन ड्राइव चौक, राणा प्रताप चौक सहित विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों एवं कामगारों के बीच ओआरएस पैकेट और ठंडा जल वितरित किया गया। कड़ी धूप और गर्मी में राहत सामग्री पाकर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और श्रमिकों ने खुशी जताई तथा डालसा की इस पहल की सराहना की। अभियान का उद्देश्य लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना भी था।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur : जुगसलाई फायरिंग कांड का खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार
कानूनी जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

इस अवसर पर डालसा पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो, सुजय दत्ता, जोबा रानी बास्के, रीना तिवारी और सुनीता झा ने आम लोगों के बीच कानूनी जागरूकता अभियान भी चलाया। उन्होंने नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी देते हुए बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, पोक्सो एक्ट, डायन प्रथा, दुर्घटना क्लेम, आपदा राहत और मानव तस्करी जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति जागरूक किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। पीएलवी ने लोगों से किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर डालसा कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। इस अभियान के माध्यम से समाज में कानूनी जागरूकता और जनसेवा का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।






















