एक सप्ताह से पानी की समस्या झेल रहे लोगों को मिली राहत, स्थानीय निवासियों ने जताया आभार
नया सबमर्सिबल पंप लगने से सैकड़ों लोगों को मिली राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत पोस्तो नगर स्थित शिव मंदिर के समीप नया सबमर्सिबल पंप स्थापित कर दिए जाने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। पिछले एक सप्ताह से पुराना सबमर्सिबल पंप जल जाने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति इतनी विकट हो गई थी कि कई परिवारों को पीने के पानी की व्यवस्था खरीदकर करनी पड़ रही थी। समस्या की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ पहल करते हुए प्रभारी अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार को हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में जल्द से जल्द पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की गई थी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : योग दिवस और फादर्स डे का अनूठा संगम, ब्रह्माकुमारीज़ में स्वास्थ्य, संस्कार और परिवार का दिया गया संदेश
पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार ने पंचायत सचिव को तत्काल नया सबमर्सिबल पंप लगाने का निर्देश दिया। प्रशासनिक पहल के बाद शनिवार को शिव मंदिर के समीप डेढ़ एचपी क्षमता का नया सबमर्सिबल पंप स्थापित कर दिया गया। पंप के चालू होते ही क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को नियमित रूप से पेयजल मिलने लगा और लंबे समय से बनी समस्या का समाधान हो गया। स्थानीय निवासियों ने त्वरित कार्रवाई और समस्या के समाधान के लिए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी पवन श्रीवास्तव, रोशन शर्मा, आदित्य पासवान, बादल सिंह, मुन्ना शर्मा, सत्येंद्र प्रसाद, भोला भगत सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
























