बंद घर को बनाया निशाना, पीछे का दरवाजा तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा मोटर्स कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनियों में शामिल इस इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर संख्या K2/13 निवासी टाटा मोटर्स कर्मचारी संतोष कुमार सिंह रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब शाम को संतोष कुमार सिंह वापस लौटे और घर का सामान बिखरा हुआ पाया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : संगठन की मजबूती से सत्ता वापसी का लक्ष्य, भाजपा नेताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का संदेश
बंद घरों पर चोरों की नजर, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
चोर घर से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से टाटा मोटर्स कॉलोनी के निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि इतनी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और कॉलोनी में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


























