नहाने के दौरान फिसला पैर, गहरे कुएं में गिरने से हुई दर्दनाक घटना
किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : जराईकेला थाना क्षेत्र के सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज का पुत्र हरीश भूमिज अपनी छोटी बहन के साथ गांव के अजम्बर चौक के समीप स्थित एक कुएं पर नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर को बचाने का प्रयास शुरू किया। कुआं काफी गहरा होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद हरीश को कुएं से बाहर निकाला।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा मोटर्स कॉलोनी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 5 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर
गहरे कुएं में गिरने के बाद ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
कुएं से बाहर निकालने के बाद परिजन और ग्रामीण हरीश को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर जराईकेला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हरीश की असामयिक मौत से पूरे गांव में गमगीन माहौल है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।


























