शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर किया गया अभिनंदन, यूनियन ने हर सहयोग का दिया भरोसा
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने साझा किए अपने अनुभव और यादें
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में सोमवार को आयोजित मासिक सम्मान समारोह में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यूनियन की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनके योगदान का सम्मान किया गया। इस अवसर पर यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि यह समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मियों के अनुभव, विचार और सुझावों को सुनने तथा उन्हें संगठन के कार्यों में शामिल करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा अपने पूर्व कर्मियों के सुझावों का सम्मान करती है और उनके अनुभवों से सीख लेकर बेहतर कार्य करने का प्रयास करती है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : कुएं में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में शोक की लहर
अनुभवों और सुझावों को संगठन की ताकत मान रही यूनियन
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन अपने सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ हर समय खड़ी है और यदि किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो वे बिना किसी संकोच के यूनियन कार्यालय आ सकते हैं। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मी अपने परिवारजनों के साथ शामिल हुए और बारी-बारी से अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। समारोह में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया। सम्मानित होने वालों में सैय्यद तज्जूद्दिन, अफताब रजा अंसारी, जिउत शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, मनमोहन गोप, बराह मांझी, विमल कुमार, कृष्णा कुमार प्रसाद, कलीम खान, ओम प्रकाश सिंह, राम प्रवेश सिंह और तर्नी कुमार गोप शामिल रहे। समारोह का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा रहा।


























