नैतिकता और जिम्मेदार पत्रकारिता पर आधारित प्रतियोगिता में शहर के पत्रकारों ने दिखाया ज्ञान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा आयोजित एथिक्स क्विज प्रतियोगिता में जमशेदपुर के वरिष्ठ पत्रकार परविन्दर भाटिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंगलवार को जुस्को सहयोग केंद्र के समीप स्थित टाउन इलेक्ट्रिकल ऑफिस के प्रथम तल के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर ने विजेता परविन्दर भाटिया को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में अंजनी पांडेय ने द्वितीय और मनप्रीत सिंह भाटिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील के एथिक्स माह के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और जिम्मेदार कार्य संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : संथाली माध्यम में बी.एड. पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग को लेकर झाड़ग्राम में छात्रों का विशाल प्रदर्शन
वक्ताओं ने पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में नैतिकता के महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम में टाटा स्टील की चीफ एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि अतुल भटनागर और सोनी सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि नैतिकता किसी भी संस्था और समाज की मजबूत नींव होती है। उन्होंने सत्य, पारदर्शिता और जवाबदेही को पत्रकारिता का मूल आधार बताते हुए कहा कि मीडिया की भूमिका लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय ने मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता में निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य में नैतिक मूल्यों को बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : शिलान्यास के एक साल बाद भी नहीं बनी सड़क, जयपूरा में ग्रामीणों ने सड़क पर की धान रोपाई
टाटा कोड ऑफ कंडक्ट और मीडिया एथिक्स से जुड़े प्रश्नों ने बढ़ाया रोमांच
एथिक्स क्विज में टाटा समूह के इतिहास, टाटा कोड ऑफ कंडक्ट, कॉर्पोरेट एथिक्स, बिजनेस इंटीग्रिटी, मीडिया एथिक्स और पत्रकारिता के मानकों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने नैतिक सिद्धांतों और समकालीन मीडिया विषयों पर अपने उत्कृष्ट ज्ञान का परिचय दिया। प्रतियोगिता का संचालन निभा शर्मा ने किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन मीडिया और कॉर्पोरेट जगत के बीच सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
























