Share

Manoharpur : हाथियों के उत्पात से प्रभावित 13 लाभुकों को मिला मुआवजा, विधायक जगत मांझी ने बांटे चेक

  • कच्चे मकान, फसल और मवेशियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी गई सहायता राशि
  • विधायक ने वन संरक्षण को बताया समस्या के समाधान की कुंजी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : कोल्हान वन परिक्षेत्र, गोइलकेरा के तत्वावधान में मंगलवार को मनोहरपुर वन विश्रामागार परिसर में जंगली हाथियों द्वारा किए गए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए मुआवजा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत मांझी शामिल हुए। इस अवसर पर उनके हाथों 13 प्रभावित लाभुकों को मुआवजा राशि के चेक प्रदान किए गए। लाभुकों को यह राशि जंगली हाथियों द्वारा उनके कच्चे मकानों, फसलों और मवेशियों को पहुंचाए गए नुकसान के एवज में दी गई। चेक प्राप्त करने के बाद लाभुकों ने राहत महसूस करते हुए वन विभाग और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रंजित यादव, वन विभाग के अधिकारी, वनकर्मी तथा क्षेत्र के कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : Gua : वेल्डन फ्यूचर एकेडमी में राखी निर्माण प्रतियोगिता, बच्चों की रचनात्मकता ने जीता सबका दिल

जंगल संरक्षण से कम होगा मानव-हाथी संघर्ष : जगत मांझी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत मांझी ने कहा कि जंगलों के लगातार सिमटने के कारण वन क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष जंगली हाथियों के कारण लोगों की जान-माल, फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचता है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विधायक ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जंगलों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वनों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो वन्यजीवों को पर्याप्त आवास और भोजन मिलेगा, जिससे मानव और हाथियों के बीच होने वाले संघर्ष को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

Leave a Comment

Chandil : श्मशान घाट की जमीन पर स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

200 साल पुरानी आस्था से खिलवाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने दूसरी जगह निर्माण की मांग की स्वास्थ्य केंद्र के लिए

  • 200 साल पुरानी आस्था से खिलवाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने दूसरी जगह निर्माण की मांग की
  • स्वास्थ्य केंद्र के लिए वैकल्पिक जमीन की मांग, मांग नहीं मानी तो होगा आंदोलन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चांडिल : कदमडीह, कुम्हारपाड़ा और सिकली गांव के ग्रामीणों ने मौजा कदमडीह स्थित श्मशान घाट की जमीन पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि खाता संख्या 112, प्लॉट संख्या 273 और रकबा 1 एकड़ 57 डिसमिल वाली जमीन का उपयोग पिछले करीब 200 वर्षों से श्मशान घाट के रूप में होता आ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफियाओं और ठेकेदारों द्वारा जमीन पर कब्जे की नीयत से यहां निर्माण कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर जोर, एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने किया निरीक्षण

ग्रामीणों ने मंत्री और प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों ने इस मामले में मंत्री दीपक बिरुवा, अंचल अधिकारी और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जरूरी है, लेकिन इसके लिए श्मशान घाट की जमीन का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कदमडीह, कुम्हारपाड़ा और सिकली गांव के ग्रामीण एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने आंदोलन की स्थिति के लिए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

Manoharpur : मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर जोर, एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने किया निरीक्षण

SIR-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर सत्यापन और नए मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया जारी कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार

  • SIR-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर सत्यापन और नए मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया जारी
  • कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे : एलआरडीसी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मंगलवार को कोलपोटका पंचायत के सिरका उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के साथ-साथ नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया संपन्न की गई। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपने विवरणों का सत्यापन कराया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा सुधार कराने की प्रक्रिया पूरी की।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : हाथियों के उत्पात से प्रभावित 13 लाभुकों को मिला मुआवजा, विधायक जगत मांझी ने बांटे चेक

निष्पक्ष और पारदर्शी पुनरीक्षण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश

इस दौरान एलआरडीसी अनिता केरकेट्टा ने कोलपोटका पंचायत सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने और समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की। मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह बीएलओ सुपरवाइजर सन्नीशेखर सहित संबंधित बीएलओ उपस्थित रहे।

Gua : वेल्डन फ्यूचर एकेडमी में राखी निर्माण प्रतियोगिता, बच्चों की रचनात्मकता ने जीता सबका दिल

इको-फ्रेंडली सामग्री से तैयार की आकर्षक राखियां, 39 समूहों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा प्राचार्य ने रक्षाबंधन के सामाजिक और सांस्कृतिक

  • इको-फ्रेंडली सामग्री से तैयार की आकर्षक राखियां, 39 समूहों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
  • प्राचार्य ने रक्षाबंधन के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर डाला प्रकाश

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान स्थित वेल्डन फ्यूचर एकेडमी स्कूल में मंगलवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में वर्ग 3 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए राखी बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता एवं हस्तकला प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में दो-दो प्रतिभागियों के समूह बनाए गए थे, जिसमें कुल 39 ग्रुप ने भाग लिया। बच्चों को घर में आसानी से उपलब्ध इको-फ्रेंडली सामग्री का उपयोग कर राखी तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मक सोच और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं, जिसकी शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने सराहना की।

इसे भी पढ़ें : Goilkera : आजादी के बाद भी अधूरी सड़क की आस, वन पोसौता–पोसैता स्टेशन मार्ग निर्माण की मांग तेज

विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता में नूपुर और स्नेहा के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनन्या और कमला के समूह को द्वितीय तथा रीतु और शुभश्री के समूह को तृतीय स्थान मिला। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में भाईचारे, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षक मनीष पूर्ति, पूनम रवानी, राखी देब महापात्रा, फिरोज खान, नामलेन पूर्ति, दीपा सिंह, खुशबू कुमारी, सोनाली बोस सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Goilkera : आजादी के बाद भी अधूरी सड़क की आस, वन पोसौता–पोसैता स्टेशन मार्ग निर्माण की मांग तेज

6 किलोमीटर सड़क निर्माण का वर्षों पुराना सपना अब भी अधूरा, ग्रामीणों ने प्रशासन से की पहल की मांग लिखित

  • 6 किलोमीटर सड़क निर्माण का वर्षों पुराना सपना अब भी अधूरा, ग्रामीणों ने प्रशासन से की पहल की मांग
  • लिखित आश्वासन के बावजूद अधर में लटका है निर्माण कार्य
  • रेलवे स्टेशन और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंच होगी आसान
  • मरीजों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को झेलनी पड़ रही कठिनाई

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गोइलकेरा : गोइलकेरा प्रखंड के कायदा पंचायत अंतर्गत वन पोसौता से पोसैता रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ग्रामीणों का कहना है कि आज़ादी के बाद से अब तक इस लगभग 6 किलोमीटर लंबे ग्रामीण मार्ग का पक्की सड़क के रूप में निर्माण नहीं हो सका है। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग उठती रही है, लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं निकल पाया। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा कई बार सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों में निराशा और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : वरिष्ठ कांग्रेसी एवं मजदूर नेता कॉमरेड जोगेश्वर नायक का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

वोट बहिष्कार की चेतावनी के बाद भी नहीं बनी सड़क

ग्रामीणों का आरोप है कि जब वर्तमान सांसद विधायक थीं, तब भी सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था। बाद में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का निर्णय लिया था। इसके बाद गोइलकेरा के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) द्वारा ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया गया कि सड़क निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। हालांकि, वर्षों बीत जाने के बाद भी यह आश्वासन कागजों तक ही सीमित रह गया। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Gua : करमपदा में SIR जनसुनवाई में उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़, रात 9 बजे तक डटे रहे बीडीओ

कई गांवों के लिए जीवनरेखा साबित होगी यह सड़क

वन पोसौता–पोसैता रेलवे स्टेशन मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों के अनुसार, वन पोसौता के अलावा रोंगो, बगैरकिया, लांबिया और बलिया समेत आसपास के गांवों के लोगों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। साथ ही गोइलकेरा प्रखंड मुख्यालय तक आवागमन भी सुगम हो जाएगा। यह सड़क क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मतदाता सूची में गांव का नाम गलत दर्ज होने पर ग्रामीणों का विरोध, सीओ को सौंपा ज्ञापन

बारिश में बढ़ जाती है ग्रामीणों की परेशानी

वर्तमान में यह मार्ग कच्चा होने के कारण बरसात के मौसम में बेहद खराब स्थिति में पहुंच जाता है। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर मरीजों, स्कूली बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासनों को अमल में लाते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Manoharpur : वरिष्ठ कांग्रेसी एवं मजदूर नेता कॉमरेड जोगेश्वर नायक का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

90 वर्ष की आयु में पैतृक आवास पर ली अंतिम सांस, लंबे समय से थे अस्वस्थ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र

  • 90 वर्ष की आयु में पैतृक आवास पर ली अंतिम सांस, लंबे समय से थे अस्वस्थ
  • सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं प्रख्यात मजदूर नेता कॉमरेड जोगेश्वर नायक का मंगलवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अपने पैतृक गांव डिम्बुली के नायक टोला स्थित आवास पर 90 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। परिजनों के अनुसार वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और श्रमिक संगठनों से जुड़े लोग शोक व्यक्त करने उनके आवास पहुंचने लगे। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ही पैतृक गांव में किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Gua : करमपदा में SIR जनसुनवाई में उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़, रात 9 बजे तक डटे रहे बीडीओ

मजदूरों और जनहित के मुद्दों के लिए जीवनभर रहे संघर्षरत

कॉमरेड जोगेश्वर नायक ने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में मजदूरों के अधिकारों, आम लोगों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया। क्षेत्र में वे एक लोकप्रिय मजदूर नेता के रूप में पहचाने जाते थे और श्रमिकों की आवाज बुलंद करने के लिए सदैव सक्रिय रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को बड़ी क्षति पहुंची है। क्षेत्रवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि जनसरोकार और मजदूर हितों के लिए किए गए उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Gua : करमपदा में SIR जनसुनवाई में उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़, रात 9 बजे तक डटे रहे बीडीओ

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह, दस्तावेज सत्यापन के लिए दिनभर लगी रही कतार कई आवेदनों में

  • मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर ग्रामीणों में दिखा उत्साह, दस्तावेज सत्यापन के लिए दिनभर लगी रही कतार
  • कई आवेदनों में मिली कमियां, मौके पर ही समाधान का प्रयास
  • ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान के लिए दिए आवश्यक निर्देश
  • BLO, वार्ड सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : सारंडा क्षेत्र के करमपदा स्कूल परिसर में 24 अगस्त को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करमपदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सुबह से ही आवश्यक दस्तावेजों के साथ स्कूल परिसर पहुंचे। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने और दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए पूरे दिन परिसर में डटे रहे। जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मी लगातार लोगों का मार्गदर्शन करते रहे।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में चार दिवसीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ, किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी

दस्तावेजों की त्रुटियां दूर कराने में जुटे रहे अधिकारी और कर्मी

दस्तावेजों की जांच के दौरान कई लोगों के कागजात में छोटी-बड़ी त्रुटियां सामने आईं। अधिकारियों और कर्मियों ने इन त्रुटियों को दूर कराने के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया। ग्रामीणों ने भी पूरी गंभीरता के साथ प्रक्रिया में भाग लिया और अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूकता दिखाई। जनसुनवाई में उपस्थित लोगों ने प्रशासन द्वारा की जा रही पहल की सराहना की और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर उपलब्ध कराने का भरोसा जताया।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मतदाता सूची में गांव का नाम गलत दर्ज होने पर ग्रामीणों का विरोध, सीओ को सौंपा ज्ञापन

रात तक स्कूल परिसर में मौजूद रहे बीडीओ पप्पू रजक

जनसुनवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक सुबह से लेकर रात करीब 9 बजे तक करमपदा स्कूल परिसर में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लें तथा आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय पर जमा करें, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : स्वर्णिम पंच से चमके टाटा डीएवी नोवामुंडी के खिलाड़ी, राहुल और भरत का डीएवी नेशनल के लिए चयन

पारंपरिक स्वागत के साथ शुरू हुई जनसुनवाई, जनप्रतिनिधियों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। बीडीओ पप्पू रजक, मुखिया और अन्य अतिथियों का पारंपरिक सम्मान किया गया। जनसुनवाई में BLO सुमती देवी और कुन्ती लागूरी ने ग्रामीणों की प्रक्रिया पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वार्ड सदस्य सावित्री कोड़ा, देवधारी कुमार, मुखिया लिपि मुंडा, मुखिया पार्वती कीड़ो, सोनू सिरका सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और करमपदा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। देर शाम तक चली इस जनसुनवाई से ग्रामीणों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top