मनोहरपुर में विशेष गणना प्रपत्र अभियान शुरू, घर-घर जाकर सहयोग करेंगे बीएलओ
मतदाता सूची को सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा अभियान
मतदाता सूची के डिजिटलीकरण को लेकर चलाया जा रहा विशेष अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 30 जून से विशेष गणना प्रपत्र अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 29 जुलाई तक संचालित होगा। अभियान के प्रथम दिन मंगलवार को बीडीओ सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शक्ति कुंज, अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सन्नी शेखर एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक जानकारी दर्ज करने तथा ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने भी मतदाताओं को जागरूक करते हुए मतदाता सूची के डिजिटलीकरण अभियान का शुभारंभ कराया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : विधि-व्यवस्था और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर उपायुक्त व एसपी ने की समीक्षा बैठक
गणना प्रपत्र भरने और ऑनलाइन अपलोड में भी मिलेगा सहयोग
बीडीओ सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शक्ति कुंज ने बताया कि अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही वे प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने और ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया पूरी कराने में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक मतदाता के लिए महत्वपूर्ण है और सभी नागरिकों को समय पर गणना प्रपत्र भरकर जमा करना चाहिए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे तथा बीएलओ का सहयोग करते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाए। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से मतदाता सूची की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में और सुधार होगा।


























