डिग्री कॉलेज मनोहरपुर में विभाग स्थानांतरण के विरोध में छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
नई शिक्षा नीति के क्लस्टर सिस्टम को लेकर छात्रों में बढ़ी चिंता
ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा सुविधाओं को बनाए रखने की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर स्थित डिग्री कॉलेज में भूगोल विभाग को दूसरे कॉलेज में स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत लागू हो रहे क्लस्टर सिस्टम को लेकर विद्यार्थियों ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि भूगोल विभाग को डिग्री कॉलेज मनोहरपुर में ही पूर्ववत संचालित रखा जाए। छात्रों का कहना है कि मनोहरपुर जैसे ग्रामीण और जनजातीय बहुल क्षेत्र में उच्च शिक्षा पहले से ही बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में विभाग को हटाकर विद्यार्थियों को जेएलएन कॉलेज भेजने का निर्णय उनके भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। विद्यार्थियों ने कहा कि इस फैसले से कई छात्रों को प्रतिदिन 80 से 125 किलोमीटर तक सफर करना पड़ेगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संभव नहीं है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डेंटल कॉलेज के पास दर्दनाक सड़क हादसा, सिक्योरिटी गार्ड की मौत
छात्राओं की सुरक्षा और पढ़ाई छूटने की आशंका को लेकर जताई चिंता
छात्र-छात्राओं ने ज्ञापन में कहा कि लंबी दूरी तय कर दूसरे शहर में पढ़ाई करना खासकर छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा परिवहन, रहने और खाने का अतिरिक्त खर्च भी परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ाएगा। विद्यार्थियों ने आशंका जताई कि यदि भूगोल विभाग को कॉलेज से हटाया गया तो कई छात्र-छात्राओं को बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ सकती है। उन्होंने कुलपति से मांग की कि क्षेत्र की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभाग को मनोहरपुर कॉलेज में ही संचालित रखा जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि मनोहरपुर विधायक जगत माझी और सिंहभूम सांसद जोबा मांझी को भी भेजी गई है। इस दौरान झामुमो छात्र मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गोवर्धन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























