दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल
एमजीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रमोद कुंडू को मृत घोषित किया
जमशेदपुर में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर लोगों में चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डेंटल कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में भिलाई पहाड़ी निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुंडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार प्रमोद कुंडू उलिडीह ओपी के पास स्थित संजीविनी नेत्रालय नरसिंह होम में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें : Potka : वैशाख माह के अंतिम मंगलवार पर कलिकापुर में राहगीरों की सेवा, बांटा गया चना-गुड़ और शरबत
तेज रफ्तार और लापरवाही बन रही सड़क हादसों की बड़ी वजह
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने प्रमोद कुंडू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल और मोनू का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। इधर, प्रमोद कुंडू की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


























