बोड़ाम के गेरूआ गांव में ग्रामीणों ने की छापेमारी, कई युवक-युवतियां पकड़े गए
पुलिस ने पकड़े गए जोड़ों को हिरासत में लिया, ग्रामीणों का विरोध जारी
पुलिस जांच में जुटी, आपत्तिजनक सामान बरामद
डिमना लेक क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : डिमना लेक से सटे बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोंटा पंचायत अंतर्गत गेरूआ गांव में स्थित एक रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के आरोप को लेकर रविवार सुबह भारी हंगामा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रिसॉर्ट पर धावा बोलते हुए वहां मौजूद युवक-युवतियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी की ग्रामीणों ने पिटाई भी कर दी। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों की जांच की, जहां तीन कमरों से तीन जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। वहीं एक अन्य जोड़ा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह महीने से यहां अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं।
इसे भी पढ़ें : Khnuti : खूंटी में 50 बोरा डोडा से लदा ट्रक जब्त, चालक और खलासी फरार
रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियों के आरोप से मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए तीन जोड़ों को हिरासत में लेकर थाना ले जाने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीण रिसॉर्ट के मालिक को मौके पर बुलाने और रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग पर अड़े रहे, जिससे काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। ग्रामीणों के कब्जे में रहे मैनेजर संतोष गिरी को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसने पुलिस को बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है और परिसर में एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र तथा दूसरी ओर रिसॉर्ट संचालित होता है, जहां बाहर से युवक-युवतियां आते हैं।
इसे भी पढ़ें : Musabani : झामुमो नेताओं ने जयपाल सिंह बानरा एवं परिवार को दी श्रद्धांजलि
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने रिसॉर्ट के कमरों की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिसॉर्ट में वास्तव में किस स्तर पर गतिविधियां चल रही थीं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था और लंबे समय से इसकी शिकायत की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















