मानुषमुड़िया स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित शिविर में सुरक्षित मातृत्व और प्रसव को लेकर महिलाओं को किया गया जागरूक
ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की कुल 49 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान डॉ. सुराई मांडी ने महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, शुगर और वजन सहित अन्य आवश्यक जांच की। जांच के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी और नियमित जांच कराने की सलाह दी गई। शिविर में महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और प्रसव से जुड़ी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : रंकानी मिनी स्टेडियम की पिच पर ‘जाम’ का खेल, खिलाड़ियों में रोष
सुरक्षित मातृत्व अभियान में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच
शिविर के दौरान डॉ. सुराई मांडी ने महिलाओं को संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण और प्रसव पूर्व सावधानियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में फार्मासिस्ट हिमांशु महतो, रीता महतो, प्रशांत मंडल सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सहिया शांति मंडल और मीना घाटुयारी ने ग्रामीण क्षेत्रों से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र तक लाने और जागरूकता फैलाने में सक्रिय सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित कर ग्रामीण महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।























