शराबियों का अड्डा बना मिनी स्टेडियम, टूटी बोतलों और गंदगी से अभ्यास प्रभावित
खिलाड़ियों ने स्टेडियम में सुरक्षा और साफ-सफाई की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के जगन्नाथपुर स्थित रंकानी मिनी स्टेडियम की बदहाल स्थिति ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। साल 2025 में सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक समीर महंती द्वारा उद्घाटित इस स्टेडियम में अब खेल गतिविधियों की जगह असामाजिक तत्वों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। क्रिकेट पिच, जहां खिलाड़ियों को अभ्यास करना चाहिए, वहां शराबियों द्वारा खुलेआम जाम छलकाया जा रहा है। मैदान में बिखरे पानी के पाउच, डिस्पोजल और शराब की टूटी बोतलों के कांच खिलाड़ियों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। सुबह अभ्यास के लिए पहुंचने वाले युवा खिलाड़ियों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल की गुवा खदान में 500 बहाली की मांग पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम
मिनी स्टेडियम में गंदगी और शराबखोरी से खिलाड़ी परेशान
स्थानीय ग्रामीणों और खेल प्रेमियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी रोकने के लिए कड़े नियम होने के बावजूद प्रशासन की उदासीनता के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ गए हैं। नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने से स्टेडियम परिसर शराबियों का सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। खिलाड़ियों ने कहा कि टूटी बोतलों के कारण मैदान में अभ्यास करना जोखिम भरा हो गया है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्टेडियम परिसर को गंदगी और शराबियों से मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने खेल के इस मंदिर की गरिमा बचाने और खिलाड़ियों के सुरक्षित अभ्यास के लिए स्थायी व्यवस्था करने की अपील की है।























