मनोहरपुर के पात्थरबासा गांव में देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, घर के पास हाथी ने किया हमला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के पात्थरबासा गांव स्थित कोकलोटाला टोला में मंगलवार देर रात दंतैल हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय Dileshwar Jatram के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब दो बजे दिलेश्वर जातराम अपने घर से शौच एवं अन्य आवश्यक कार्य के लिए बाहर निकले थे। रात में घना अंधेरा होने के कारण उन्हें आसपास मौजूद खतरे का आभास नहीं हो सका। इसी दौरान घर के समीप मौजूद एक दंतैल हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें सूंड से पकड़कर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय हाथी के भय से परिजन घर से बाहर नहीं निकल सके।
इसे भी पढ़ें : Gua : फेसबुक अकाउंट हैकिंग का नया साइबर जाल, बिना अनुरोध के भी आने लगे OTP संदेश
सुबह पत्नी ने देखा शव, गांव में शोक की लहर
मृतक की पत्नी बाली जातराम जब सुबह करीब तीन बजे घर से बाहर निकलीं तो उन्होंने देखा कि हाथी उनके पति को मार चुका है। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में समझकर दिलेश्वर जातराम को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मनोहरपुर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। पुलिस और वन विभाग मामले की जांच एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 12 दिनों से ठप राशन आवंटन प्रणाली से डीलर परेशान, उपायुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
परिजनों को मिलेगी 10 लाख रुपये की सहायता, वन विभाग ने जारी की चेतावनी
वनपाल Abhay Kumar ने बताया कि झारखंड सरकार की नई नीति के तहत मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नौ लाख रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उक्त दंतैल हाथी पिछले कई दिनों से पात्थरबासा के जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। भोजन की तलाश में वह अक्सर रात के समय गांवों और टोलों की ओर पहुंच जाता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात में घर से बाहर निकलते समय टॉर्च या अन्य प्रकाश व्यवस्था का उपयोग करें तथा हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।























