घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी लोगों को नहीं मिल रहा पर्याप्त पेट्रोल
पेट्रोल संकट पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठे सवाल
कहीं लग रही लंबी लाइन तो कहीं लगा नो स्टॉक का बोर्ड
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : सिल्ली और मुरी क्षेत्र में लगातार गहराते पेट्रोल संकट से आम लोग काफी परेशान हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रोजाना पेट्रोल पम्पों पर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन जरूरत के अनुसार पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। हाल ही में सिल्ली में दो गैलन पेट्रोल में एक गैलन कम देने का मामला सामने आया, जहां पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति ने पेट्रोल की कमी को मजबूरी बताया। लोगों का आरोप है कि सिल्ली-मुरी में कुछ किलोमीटर की दूरी पर कई पेट्रोल पम्प होने के बावजूद अक्सर सभी पम्पों में पेट्रोल खत्म हो जाता है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : होटवार जेल यौन शोषण मामले की न्यायिक जांच की मांग, राज्यपाल से मिला जेएलकेएम प्रतिनिधिमंडल
पेट्रोल पम्पों पर लंबी कतारों से बढ़ी लोगों की परेशानी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई पेट्रोल पम्पों पर चोरी-छिपे गैलन में पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि छोटे ग्राहकों को एक-दो लीटर पेट्रोल देने में आनाकानी की जाती है और उनके साथ दुर्व्यवहार तक किया जाता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से जरूरत के अनुसार पेट्रोल उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई दे रही है। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधायक, सांसद और पंचायत प्रतिनिधि जनता की समस्या पर गंभीर नहीं हैं और केवल अपने हित की राजनीति में लगे हुए हैं।
























