उत्पाद विभाग की छापेमारी में 1400 किलो किण्वित जावा महुआ नष्ट, कारोबारी फरार
अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान रहेगा जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पटमदा : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर पटमदा थाना क्षेत्र के बुढीगोडा और आमदापहाड़ी गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले लगभग 1400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को भी जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर झामुमो का बीएलए प्रशिक्षण शिविर आयोजित, कार्यकर्ताओं को दी गई विशेष जानकारी
छापेमारी की भनक लगते ही मौके से फरार हुए कारोबारी
उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कानूनन अपराध है तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना और लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।


























