रोजो संक्रांति मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर, नशीले पदार्थों पर सख्त प्रतिबंध की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका के कोल्हान प्रसिद्ध हरिणा मेले का मंगलवार को मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने दलबल के साथ निरीक्षण किया। रोजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित इस ऐतिहासिक मेले में पहुंचकर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मेले में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : मंगला हाट में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, 11 वाहनों से वसूला गया 27 हजार रुपये जुर्माना
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मेला संपन्न कराने की अपील
निरीक्षण के दौरान डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने स्पष्ट किया कि मेले में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिणा मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग इसे भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने भी मेले के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

























