दलमा की ओर जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर, संदिग्धों से पूछताछ
अवैध शिकार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, लोगों से सहयोग की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में सेंदरा शिकार पर्व को लेकर वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार सुबह हाता स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें जमशेदपुर की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की बारीकी से जांच की गई। वनकर्मियों की टीम सड़क पर वाहनों को रोक-रोककर तलाशी ले रही थी और यात्रियों से पूछताछ कर रही थी। खासकर उन लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही थी, जिनके दलमा जंगल की ओर जाने की आशंका थी। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे विस्तृत जानकारी ली गई और उन्हें सेंदरा पर्व के दौरान शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध के बारे में अवगत कराया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ‘ऑपरेशन दालमा’ तेज, शिकारियों पर सख्त पहरा
जंगलों की सुरक्षा को लेकर विभाग की चौकसी बढ़ी
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सेंदरा शिकार पर्व के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अवैध शिकार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ा दी है। रेंज ऑफिसर शंकर भगत, हेड सब बीट ऑफिसर तन्मय चटर्जी, दशरथ सोरेन, किष्णु मुर्मू, हिमांशु कुमार, रुद्र नारायण दास, सब बीट ऑफिसर दुखुरम मुर्मू, अमल कुमार मुरमू और सुजाता समेत कई वनकर्मी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे। इस दौरान टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि परंपरा के नाम पर वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाएं और कानून का पालन करें।























