संध्या आरती, पूजा-अर्चना और कथामृत पाठ के साथ शुरू हुआ धार्मिक आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर गांव में माताजी आश्रम के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय रामकृष्ण कथामृत उत्सव का शुभारंभ बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय मंजूश्री सरकार के पुत्र श्याम सुंदर सरकार द्वारा किया गया। उत्सव की शुरुआत संध्या आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसका संचालन पंडित मधुसूदन भट्टाचार्य ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा में भाग लिया। स्वागत भाषण देते हुए सुनील कुमार दे ने कहा कि रामकृष्ण देव की उदार धार्मिक भावना, ईश्वर भक्ति और मानव प्रेम का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
इसे भी पढ़ें : Potka : मुखिया की पहल से दो ड्रॉपआउट छात्राओं का पुनः नामांकन, शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ीं अंजलि और नेहा
रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के जीवन संदेशों पर हुआ प्रकाश
उत्सव के दौरान कमल कांति घोष ने रामकृष्ण कथामृत का पाठ करते हुए कहा कि यह ग्रंथ वर्तमान युग का भागवत है, जिसमें श्रीरामकृष्ण परमहंस की अमृत वाणी संकलित है। वहीं सीमा प्रसाद ने मां शारदा के आदर्श जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डाला। कृष्ण मंडल ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और युवाओं के लिए उनके प्रेरणादायक संदेशों को विस्तार से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में भक्ति संगीत, हरिनाम संकीर्तन एवं प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर मुखिया देवी कुमारी भूमिज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
























