हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत में शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल पहुंचाने का अभियान बना मिसाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड की हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत में शिक्षा से वंचित बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने एक वर्ष से स्कूल से बाहर चल रही दो ड्रॉपआउट छात्राओं अंजलि सरदार एवं नेहा नायक का गिरी भारती हाई स्कूल में पुनः नामांकन कराया। मुखिया स्वयं दोनों छात्राओं को लेकर विद्यालय पहुंचीं और नामांकन की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान उन्होंने छात्राओं एवं उनके परिजनों को शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। मुखिया ने बताया कि पंचायत का दायित्व संभालने के समय उन्होंने यह संकल्प लिया था कि उनके क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। इसी लक्ष्य को लेकर वे लगातार पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर रही हैं और उन्हें दोबारा विद्यालय से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Gudabanda : कमड़ासोल की बीए पास मुगली सबर की शादी में विधायक सोमेश चंद्र सोरेन बने सहारा, दी आर्थिक मदद
ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर स्कूल से जोड़ने का अभियान लगातार जारी
मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि पंचायत में एक भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बच्चों का पहले भी पुनः नामांकन कराया जा चुका है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नामांकन के बाद अंजलि सरदार और नेहा नायक ने नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनंदा हांसदा ने मुखिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कई बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए इसे अन्य पंचायतों के लिए उदाहरण बताया।
























