- मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के पल्ली मंगल हाई स्कूल, शांतिपुर के छात्र विनय कुमार सरदार ने मैट्रिक परीक्षा में 88% अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। विनय के पिता उपेंद्रनाथ सरदार, जो सांसद प्रतिनिधि हैं, और माता सावित्री सरदार, जो पूर्व मुखिया रह चुकी हैं, ने अपने पुत्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उन्हें हमेशा अपने बेटे की मेहनत और लगन पर पूरा भरोसा था। विनय ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
इसे भी पढ़ें : Potka : किसान की बेटी हिमानी पाल ने रचा इतिहास, 87% अंक लाकर बनी सेकंड टॉपर
शिक्षकों ने बताया मेहनती छात्र, विनय ने दिया सफलता का श्रेय
विद्यालय के शिक्षकों ने भी विनय कुमार सरदार की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही एक मेधावी और अनुशासित छात्र रहा है। उसकी पढ़ाई के प्रति गंभीरता और मेहनत ने ही उसे यह सफलता दिलाई है। विनय ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी वह इसी तरह मेहनत जारी रखकर अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य हासिल करना चाहता है। विनय की यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।


























