संघ ने उठाए सवाल, शिक्षा विभाग ने बताया प्रक्रिया लंबित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षणिक संघ के सचिव मैनेजर सिंह ने आरोप लगाया है कि राज्य के करीब 11 हजार सहायक आचार्यों को पिछले 9 महीनों से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों की आर्थिक स्थिति गंभीर होती जा रही है। सहायक आचार्यों ने बैंक से डीडी बनाकर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में जमा भी किया था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। यहां तक कि जमा किए गए डीडी भी कई शिक्षकों को वापस लौटने लगे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और शिक्षा सचिव को भी आवेदन भेजा गया है, जिसमें जल्द समाधान की मांग की गई है।
इसे भी पढ़ें : Gua : त्रिपक्षीय वार्ता बेनतीजा, 11 मई से गुवा सेल खदान में अनिश्चितकालीन चक्का जाम का ऐलान
जिला शिक्षा अधीक्षक ने वेतन प्रक्रिया को बताया तकनीकी और लंबित
इस मामले पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने सफाई देते हुए कहा कि रांची जिले में कुल 666 सहायक आचार्य कार्यरत हैं और 9 महीने से वेतन न मिलने की बात सही नहीं है। उन्होंने बताया कि सहायक आचार्यों की नियुक्ति और पोस्टिंग वर्ष 2025 में हुई है और वेतन प्रक्रिया अभी तकनीकी जांच में है। दस्तावेजों की जांच संबंधित बोर्ड और विश्वविद्यालय स्तर पर भेजी गई है। साथ ही जीपीएस नंबर और भविष्य निधि पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन पूरा होते ही और जीपीएस नंबर जनरेट होते ही वेतन भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।


























