विधानसभा चुनावों में सफलता पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची/सिल्ली : पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर रांची जिला में जश्न का माहौल देखने को मिला। भाजपा रांची जिला पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय महतो धीरज ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और विकास आधारित राजनीति की जीत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने भय और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए विकास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश दिया है। इस जीत ने राज्य में एक नए राजनीतिक बदलाव की उम्मीद जगाई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान पूर्व BDO सालखु हेंब्रम का निधन
सिल्ली में विजय जुलूस, कार्यकर्ताओं ने मनाया उत्सव
वहीं सिल्ली में भाजपा मंडल अध्यक्ष अंबुज रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य विजय जुलूस निकाला। इस दौरान पार्टी समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं, पटाखे फोड़े और अबीर-गुलाल लगाकर जीत की खुशी साझा की। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नारे लगाए और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी जन-जन तक पहुंचने का काम किया, जिसका परिणाम आज सामने है। उन्होंने असम और पुद्दुचेरी की जनता का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भाजपा पर विश्वास जताया।


























