तेज बारिश और आंधी से मुख्य सड़क अवरुद्ध, ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत जामडीह गांव से गुंडा बिहार जाने वाली मुख्य सड़क पर सोमवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के बीच तेज हवा, बिजली की कड़कड़ाहट और मूसलाधार बारिश के कारण सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ और बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई और आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों को गांव से बाहर निकलने और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो गई कि वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब चार बजे शुरू हुए तूफान के दौरान कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों का उग्र विरोध, हटाने की उठी मांग
कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
बिजली का पोल गिरने के कारण जामडीह, गुंडा बिहार और आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। अंधेरा छाने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क जाम होने के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और जरूरी कार्यों के लिए बाहर जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रखंड प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए सड़क से पेड़ और पोल हटाने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क साफ नहीं हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। खबर लिखे जाने तक सड़क से पेड़ हटाने का काम शुरू नहीं हो पाया था, हालांकि बिजली विभाग के कर्मियों को घटना की सूचना दे दी गई है।
























